ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

कैग की जांच में बड़ा खुलासा, 1377 पूर्व कर्मचारी उठा रहे दोहरी पेंशन का लाभ
3️⃣ सरकारी पेंशन के साथ सामाजिक सुरक्षा पेंशन भी!

देहरादून। उत्तराखंड में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में बड़ी अनियमितता का मामला सामने आया है। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की डाटा एनालिसिस और क्रॉस वेरिफिकेशन प्रक्रिया में खुलासा हुआ है कि राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों से सेवानिवृत्त हो चुके 1377 कर्मचारी नियमों के विरुद्ध दोहरी पेंशन का लाभ उठा रहे हैं।

ये सेवानिवृत्त कर्मचारी सरकारी पेंशन के साथ-साथ समाज कल्याण विभाग द्वारा दी जाने वाली वृद्धावस्था पेंशन और विधवा पेंशन भी ले रहे हैं।

कैग ने समाज कल्याण विभाग की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और सरकारी कर्मचारियों को दी जा रही पेंशन के डाटा का आधार नंबर से मिलान कर सत्यापन किया। इस प्रक्रिया में यह सामने आया कि कई ऐसे पूर्व सरकारी कर्मचारी हैं, जिन्हें नियमानुसार केवल एक ही पेंशन मिलनी चाहिए थी, लेकिन वे दो योजनाओं का लाभ ले रहे हैं।

कैग ने दोहरी पेंशन लेने वाले पूर्व कर्मचारियों की पहचान कर ली है और इस संबंध में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन एवं वित्त विभाग को पत्र भेजकर 15 दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट तलब की है। नियमानुसार किसी भी सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाली वृद्धा या विधवा पेंशन का लाभ नहीं दिया जा सकता, लेकिन जांच में इस नियम का व्यापक उल्लंघन सामने आया है।

इस मामले पर समाज कल्याण विभाग के निदेशक संदीप तिवारी का कहना है कि फिलहाल यह मामला विभागीय स्तर पर औपचारिक रूप से प्राप्त नहीं हुआ है। जैसे ही कैग या शासन की ओर से इस संबंध में जानकारी प्राप्त होगी, विभाग स्तर पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कैग की रिपोर्ट सामने आने के बाद राज्य में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पारदर्शिता और पात्रता जांच को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

माना जा रहा है कि यदि यह मामला सही पाया जाता है, तो न केवल दोहरी पेंशन की वसूली की जाएगी बल्कि संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जा सकती है।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 17 मार्च 2026
error: Content is protected !!