स्कूल की पेरेंट्स मीटिंग में जाने निकली मां-बेटियों को कार ने कुचला, मां और मासूम बेटी की मौत; दूसरी बेटी जिंदगी की जंग लड़ रही जंग
सितारगंज। स्कूल में आयोजित पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने जा रही एक मां और उसकी दो मासूम बेटियों के लिए शनिवार की सुबह दर्दनाक हादसा लेकर आई।
नेशनल हाईवे किनारे वाहन का इंतजार कर रही तीनों को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मां और छह वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ वर्षीय दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान 34 वर्षीय मीनू देवी और उनकी छह वर्षीय बेटी अंशिका के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल नौ वर्षीय राधिका का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:40 बजे मीनू देवी अपनी दोनों बेटियों के साथ स्कूल में आयोजित पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने के लिए घर से निकली थीं। तीनों आरके ढाबे के पास नेशनल हाईवे किनारे खड़ी होकर वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान किच्छा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
एक ही हादसे में मां और बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में बच्चों की पढ़ाई और स्कूल की गतिविधियों को लेकर खुशियां होनी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दूसरी बेटी के अस्पताल में उपचाराधीन होने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

