नैनीताल। जनता को अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का नैनीताल पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर की गई प्रभावी कार्रवाई में करीब 6 करोड़ 80 लाख रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी द्वारा लंबे समय से लंबित गंभीर मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए थे।
अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली रामनगर में दर्ज एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 आईपीसी के तहत वर्ष 2017 में “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नामक संस्था खोलकर अभियुक्तों ने उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देते हुए अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल सहित कई जनपदों के लोगों से निवेश कराया।
जांच में सामने आया कि संस्था के संचालक हेमचंद पंत (अध्यक्ष) और विकास दुर्गापाल (सचिव) ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हजारों निवेशकों से एकत्र की गई धनराशि का गबन कर लिया और फरार हो गए। दोनों शाखाएं बंद पाई गईं तथा अभियुक्तों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ।
न्यायालय से वारंट और कुर्की आदेश प्राप्त कर पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ तक लगातार दबिश दी। अंततः दिनांक 04 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने दोनों मुख्य अभियुक्तों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्तों के विरुद्ध अन्य थानों में भी ठगी और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की संभावना जताई जा रही है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त
हेमचंद पंत पुत्र गोविंद बल्लभ पंत, निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, नैनीताल (उम्र 45 वर्ष)
विकास दुर्गापाल पुत्र खिमानंद दुर्गापाल, निवासी देहरिया, कोतवाली हल्द्वानी, नैनीताल (उम्र 41 वर्ष)
आपराधिक इतिहास
कोतवाली रामनगर: धारा 409 आईपीसी
थाना मुखानी: धारा 420 आईपीसी, 3/21 BUDS Act, 3 UPID Act सहित कुल 03 अभियोग
सम्मान
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को ₹2500 नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।
एसएसपी की अपील
एसएसपी नैनीताल ने आमजन से अपील की है कि अधिक लाभ के लालच में न आएं।
किसी भी निवेश योजना या संस्था में धन लगाने से पहले उसके पंजीकरण और वैधानिक स्थिति की स्वयं जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।














