ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल। पूर्व दर्जा राज्य मंत्री एवं प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धानाचुली, क्वैदल, जाडापानी, खुटीयाखाल सहित अन्य ग्रामीण इलाकों का दौरा कर स्थानीय जनता से मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, जिसमें सबसे प्रमुख मुद्दा बाघ के बढ़ते आतंक का रहा।

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बाघ की सक्रियता के चलते बच्चों का स्कूल जाना तक असुरक्षित हो गया है। उन्होंने मांग की कि वन विभाग और जिला प्रशासन मिलकर बच्चों के स्कूल आने-जाने के लिए सुरक्षित वाहन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें।

ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए हरीश पनेरु ने जिलाधिकारी नैनीताल श्री ललित मोहन रयाल एवं प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल श्री आकाश गंगवार से दूरभाष पर वार्ता की और बच्चों के स्कूल जाने के लिए तत्काल वाहन व्यवस्था किए जाने की मांग रखी।

इस पर जिलाधिकारी एवं प्रभागीय वनाधिकारी ने आश्वासन दिया कि वन विभाग की निगरानी में समुचित व्यवस्था की जाएगी, जिससे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

हरीश पनेरु ने प्रशासन से स्पष्ट शब्दों में कहा कि पूरे भीमताल विधानसभा क्षेत्र में जहां भी बाघ का आतंक है, वहां आवागमन के लिए वाहन, सुरक्षा व्यवस्था और वन्यजीवों के लिए चारे की व्यवस्था तत्काल की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो जिलाधिकारी नैनीताल कार्यालय में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

ग्रामीणों ने पनेरु के हस्तक्षेप का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अब क्षेत्र में बाघ आतंक से निजात और बच्चों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें :  सीएम धामी के हल्द्वानी दौरे को लेकर 4 फरवरी को ट्रैफिक डायवर्जन, इन वाहनों पर रहेगी रोक
error: Content is protected !!