हाईवे पर दर्दनाक हादसा: बोलेरो की टक्कर से पतंजलि कर्मचारी की मौत, चालक फरार
रुड़की। हरिद्वार हाईवे पर मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक पतंजलि में कार्यरत था और ड्यूटी के बाद अपने गांव लौट रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार झबरेड़ा क्षेत्र के शेरपुर खेलमऊ निवासी सचिन (35) पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड में नौकरी करते थे। वर्तमान में वह बहादराबाद में रह रहे थे। मंगलवार रात वह बाइक से अपने गांव शेरपुर खेलमऊ जा रहे थे।
जैसे ही वह हरिद्वार हाईवे पर नगला इमरती बाईपास के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन लोगों को आता देख बोलेरो चालक वाहन सहित फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल सचिन को तत्काल रुड़की के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना पर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फरार बोलेरो चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।














