हल्द्वानी। सांसद अजय भट्ट ने सर्किट हाउस सभागार में सिंचाई, लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) और विद्युत विभाग द्वारा संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरे किए जाएं।
सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने विशेष रूप से बरसात के मौसम में गोला पुल की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि पुल को किसी भी प्रकार की क्षति से बचाने के लिए आवश्यक एहतियाती उपाय समय रहते पूरे कर लिए जाएं।
इसके साथ ही गोला नदी के विभिन्न हिस्सों में हो रहे भू-कटाव को रोकने के लिए तत्काल डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने और उसकी एक प्रति स्वयं उन्हें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पन चक्की–कटघरिया नहर कवरिंग कार्य को युद्धस्तर पर करते हुए 15 मार्च तक पूर्ण करने को कहा।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में सांसद ने निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की प्रगति पर संतोष जताते हुए निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरे हों। बच्ची नगर नहर कवरिंग कार्य के लिए भी शीघ्र प्रस्ताव शासन में भेजने और उसका एस्टिमेट उपलब्ध कराने को कहा गया।
विद्युत विभाग (यूपीसीएल) की समीक्षा के दौरान सांसद ने अभियंताओं को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे निचले स्तर के कर्मचारियों की कार्यशैली पर पैनी नजर रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिक बिजली बिल की शिकायतों पर नियमानुसार सब मीटर लगाकर जांच करने, क्षतिग्रस्त विद्युत पोल और झूलते तारों की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रत्यूष कुमार, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल प्रदीप कुमार व संदीप कुमार गुप्ता, तहसीलदार कुलदीप पांडे, सहायक अभियंता सिंचाई चंद्रशेखर आर्या, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती, राजीव जायसवाल, हिमांशु मिश्रा, पूर्व जिला महामंत्री भाजपा कमल नयन जोशी सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

