ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

श्री रामसेवक सभा द्वारा आयोजित 30वें फागोत्सव का शुभारंभ

रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में महिला होली जुलूस के साथ रंगों और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्री रामसेवक सभा द्वारा आयोजित 30वें फागोत्सव का शुभारंभ तल्लीताल स्थित परमा शिव लाल साह धर्मशाला से होली जुलूस के रूप में किया गया।

जुलूस में महिला होलियारों और बाल कलाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

होली जुलूस तल्लीताल बाजार, मॉल रोड, खड़ी बाजार, बड़ा बाजार होते हुए मल्लीताल स्थित श्री रामसेवक सभा भवन के प्रांगण में पहुंचा। इसके पश्चात विभिन्न महिला होली टीमों द्वारा रंगारंग होली गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।

इस अवसर पर कुल 9 महिला होली टीमों ने मंचन किया, जिनमें हल्द्वानी और भवाली सहित आसपास के क्षेत्रों की टीमें शामिल रहीं। कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने सहभागिता की।

होली महोत्सव का उद्घाटन अतिथियों के रूप में नैनीताल की लोकप्रिय विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, उत्तराखंड सरकार में दर्जा मंत्री शांति मेहरा तथा श्री रामसेवक सभा के अध्यक्ष मनोज साह ने संयुक्त रूप से किया।

होली जुलूस के स्वांग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मां नन्दा–सुनंदा होली समिति, भवाली, द्वितीय स्थान प्रगति महिला होली दल, लालडांठ (हल्द्वानी) और तृतीय स्थान नैनी महिला जागृति समिति, नैनीताल को प्राप्त हुआ। जुलूस के स्वागत में तल्लीताल व्यापार मंडल का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम में श्री रामसेवक सभा के पदाधिकारियों, नगर पालिका परिषद के अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में महिला होलियार, कलाकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजकों के अनुसार श्री रामसेवक सभा प्रांगण में होली महोत्सव के कार्यक्रम 4 मार्च तक प्रतिदिन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कुमाऊं की पारंपरिक बैठकी और महिला होली की सांस्कृतिक छटा देखने को मिलेगी।

यह भी पढ़ें :  चार धाम यात्रा के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए लगेगा शुल्क, इस तारीख से शुरू हो रही तीर्थयात्रा, जानिए तैयारियां

You missed

error: Content is protected !!