ओखलकांडा के झड़गांव तल्ला में 27 फरवरी को लगेगा एचपी गैस KYC शिविर
अधिक से अधिक उपभोक्ताओं से भागीदारी की अपील
नैनीताल। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, नैनीताल के अंतर्गत जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय ने ओखलकांडा विकासखण्ड के ग्राम झड़गांव तल्ला में गैस उपभोक्ताओं की केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराने हेतु विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं।
कार्यालय, जिला पूर्ति अधिकारी नैनीताल द्वारा जारी पत्र के अनुसार, Devbhoomi HP Gas Service से संबद्ध कई उपभोक्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में केवाईसी लंबित होने की जानकारी दी थी। इस संबंध में क्षेत्र में गैस कनेक्शनधारकों की केवाईसी पूर्ण कराने हेतु शिविर लगाए जाने का अनुरोध किया गया था।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, नैनीताल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही उपजिलाधिकारी धारी द्वारा भी निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं की केवाईसी सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र शिविर आयोजित कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
निर्देशों के क्रम में 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को ग्राम झड़गांव तल्ला, विकासखण्ड ओखलकांडा में विशेष केवाईसी शिविर आयोजित किया जाएगा। संबंधित गैस एजेंसी को निर्देशित किया गया है कि शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं पूर्ण की गई केवाईसी की विस्तृत सूचना जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
साथ ही शिविर आयोजन से पूर्व क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, व्हाट्सएप ग्रुप आदि माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक गैस उपभोक्ता शिविर का लाभ उठा सकें।
इस संबंध में प्रतिलिपि विक्रय प्रबंधक (एलपीजी), एचपीसीएल ओखलकांडा परिक्षेत्र, पूर्ति निरीक्षक/क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ओखलकांडा तथा उपजिलाधिकारी धारी को भी आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है।

