ब्रेकिंग न्यूज़

अनियंत्रित ई-रिक्शा ने मचाई अफरा-तफरी, महिला-पुरुष घायल; डॉक्टर की कार से टकराकर रुका वाहन

हल्द्वानी। शहर के कुसुमखेड़ा क्षेत्र में गैस गोदाम चौराहे के पास सोमवार को एक अनियंत्रित ई-रिक्शा की चपेट में आने से एक महिला और एक पुरुष घायल हो गए। हादसे के दौरान क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ई-रिक्शा में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण वह एक कार से टकराने के बाद उछलकर बिना चालक के ही आगे की ओर बढ़ता चला गया। इसी दौरान रास्ते में मौजूद एक महिला और एक पुरुष उसकी चपेट में आ गए, जिससे दोनों घायल हो गए। टक्कर लगने से दोनों के सिर में चोट आई और खून भी बहने लगा।

स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस हादसे में ई-रिक्शा चालक की कोई लापरवाही सामने नहीं आई है, बल्कि वाहन में आई तकनीकी खराबी के कारण यह घटना हुई।

बताया जा रहा है कि अनियंत्रित ई-रिक्शा आगे जाकर जोशी क्लिनिक के स्वामी डॉ. संजय जोशी की कार से टकराकर रुका। गनीमत रही कि उस समय कार में मौजूद डॉ. जोशी सुरक्षित रहे और एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ई-रिक्शा की तकनीकी जांच और नियमित फिटनेस जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर नकुल सिंह बिष्ट ने बढ़ाया नैनीताल का गौरव

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.