ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के विरोध में उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिर पर गैस सिलेंडर रखकर कांग्रेस मुख्यालय से पदयात्रा निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा के आह्वान पर देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के तहत देहरादून में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से भाजपा जिला मुख्यालय की ओर कूच किया। पदयात्रा कनक चौक तक पहुंची, जहां पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

इस दौरान प्रदर्शनकारी महिलाओं और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। विरोध जताने के लिए महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर चूल्हे पर लकड़ी जलाकर रोटी और सब्जी बनाई। साथ ही गैस सिलेंडर को फूल-माला पहनाकर उसकी प्रतीकात्मक अंत्येष्टि की और धूपबत्ती जलाकर महंगाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

महिला कांग्रेस नेताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई और रसोई गैस के दामों में वृद्धि से आम लोगों का बजट बिगड़ गया है। गरीब परिवारों को मजबूर होकर फिर से चूल्हे पर खाना बनाने की स्थिति में लौटना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने विरोध कर रही महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए गए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, नजमा खान, जया कर्नाटक, महानगर अध्यक्ष उर्मिला ढौंडियाल थापा, जिलाध्यक्ष अंशुल त्यागी, मंजू मिश्रा, महासचिव अनीता सकलानी, पूनम सिंह, दीपा चौहान, नलिनी दीक्षित समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में गोवंश संरक्षण के लिए सख्त कानून की मांग, राज्यपाल को सौंपा गया प्रार्थना पत्र

You missed

error: Content is protected !!