ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा है। पर्वतीय इलाकों में धूप और बादलों के बीच आंखमिचौली का दौर जारी है, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में फिलहाल बारिश नहीं हो रही है। राजधानी देहरादून में दक्षिण-पूर्वी हवाओं के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है, जिससे शहर और आसपास के इलाकों में धुंध छाई हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज भी प्रदेश में मौसम ज्यादातर शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके कारण कई हिस्सों में बादल मंडरा रहे हैं। हालांकि यह सिस्टम ज्यादा मजबूत नहीं होने से व्यापक बारिश नहीं हो पा रही है। बादलों के बीच धूप निकलने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे दिन में मौसम अपेक्षाकृत गर्म महसूस हो रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण-पूर्वी हवाएं बंगाल की खाड़ी से होते हुए उत्तराखंड तक पहुंच रही हैं। ये हवाएं हिंद महासागर से नमी लेकर आती हैं, जिससे वातावरण में आर्द्रता बढ़ जाती है। इसी कारण देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में धुंध और हल्की धुंधलाहट देखने को मिल रही है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने के चलते यह नमी फिलहाल बारिश में तब्दील नहीं हो पा रही है।

मंगलवार को देहरादून में दिन के समय हल्की धूप निकलती रही और बीच-बीच में बादल भी छाते रहे। दोपहर के बाद शहर के कई इलाकों में हल्की धुंध छा गई, जिससे दृश्यता में कमी देखी गई। मौसम विभाग के अनुसार आज भी देहरादून में बादल छाए रह सकते हैं और धुंध की स्थिति बनी रह सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। शाम के समय कुछ इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

वहीं मौसम विभाग ने 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है। इससे उच्च हिमालयी इलाकों में ठंड का असर बना रह सकता है, जबकि राज्य के अधिकांश मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  रानीखेत : चिलियानौला ने जीता अंडर-14 बालक वर्ग का खिताब, मिशन इंटर कॉलेज रानीखेत को रोमांचक फाइनल में हराया
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.