ब्रेकिंग न्यूज़

प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत 23 भोजन माताओं को दिया गया प्रशिक्षण

हल्द्वानी। प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत विद्यालयों में मध्याह्न भोजन तैयार करने और उसकी व्यवस्था देखने वाली विकासखंड हल्द्वानी की 23 भोजन माताओं को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धौलाखेड़ा में दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में भोजन माताओं को योजना के उद्देश्य, सामाजिक समानता, सामुदायिक सहभागिता, खाद्यान्न मानक, पोषक तत्व, कुकिंग कॉस्ट, बच्चों के विकास में भोजन की भूमिका तथा संतुलित आहार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इसके साथ ही भोजन और स्वास्थ्य के बीच संबंध, स्थानीय खाद्य पदार्थों का उपयोग, खाद्य पदार्थों और रसोई घर की स्वच्छता, पेयजल की शुद्धता, सब्जियों की गुणवत्ता, रसोई उपकरणों की सुरक्षा तथा रसोई में कीटों से बचाव के उपायों पर भी चर्चा की गई।

प्रशिक्षण में बच्चों, भोजन माताओं और विद्यालय को आग से बचाव के उपाय, सोशल ऑडिट की प्रक्रिया तथा अतिरिक्त पोषण मानकों के उपयोग की भी जानकारी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह ने प्रशिक्षण का निरीक्षण किया।

उन्होंने भोजन माताओं से आह्वान किया कि वे विद्यालय को अपना घर समझकर और बच्चों को अपने बच्चों की तरह प्यार से भोजन परोसें तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें।

उन्होंने बताया कि भोजन माताओं के मानदेय के संबंध में विभाग उचित कार्यवाही कर रहा है।

प्रशिक्षण में संदर्भदाता के रूप में डिकर सिंह पडियार और कौशल किरण पांडे उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण में अनीता, कमला, संतोष, चंद्र देवी, रामदेवी, पदमा मंडल, कुसुम देवी, मंजू जोशी, रामा देवी, गंगा देवी, लीला मिश्रा, ममता कोटलिया, पूजा देवी, भावना, कमला जोशी, गंगा जोशी, कलावती देवी, संगीता कोलिया, दुर्गा देवी, भगवती देवी, अनीता देवी सहित अन्य भोजन माताओं ने प्रतिभाग किया।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  फर्जी स्वतंत्रता सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र से मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराने का मामला, अभ्यर्थी के पिता समेत एजुकेशन कंसल्टेंसी संचालक गिरफ्तार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.