ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

बड़ा हादसा: शीतला मंदिर मेले में भगदड़, 8 महिलाओं की मौत की आशंका, कई घायल

बिहार के नालंदा जिले में बिहारशरीफ के पास स्थित मघड़ा शीतला मंदिर मेले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मचने से कई लोगों की जान चली गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में अब तक 8 महिलाओं की मौत की खबर सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वहीं, एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना दीपनगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां चैत माह के आखिरी मंगलवार के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, खासकर महिलाएं, पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंची थीं। अत्यधिक भीड़ के कारण स्थिति बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर परिसर में भारी भीड़ के चलते लोग पहले दर्शन करने के लिए धक्का-मुक्की करने लगे। कई लोग एक-दूसरे के ऊपर चढ़ते हुए आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, जिससे हालात अचानक बिगड़ गए। लोगों का आरोप है कि भीड़ प्रबंधन में प्रशासन पूरी तरह विफल रहा, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ।

घटना के बाद प्रशासन ने मेला और मंदिर को एहतियातन बंद कर दिया है। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है।

बताया जा रहा है कि नालंदा में आज राष्ट्रपति का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसके चलते प्रशासन पहले से ही व्यस्त था। इस बीच हुए इस हादसे ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गौरतलब है कि बिहारशरीफ से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित मघड़ा शीतला मंदिर एक प्रसिद्ध सिद्धपीठ है, जहां हर मंगलवार श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।

मान्यता है कि प्राचीन काल में चंद्रगुप्त द्वितीय के शासनकाल में यहां प्रसिद्ध चीनी यात्री फाह्यान ने भी पूजा-अर्चना की थी।

फिलहाल प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने की अपील की है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 28 मई 2026
error: Content is protected !!