ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। उत्तराखंड में नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही 1 अप्रैल से शराब की कीमतों में इजाफा हो गया है। आबकारी विभाग द्वारा जारी नई दरों के अनुसार शराब अब करीब 10 फीसदी तक महंगी हो गई है। विभाग ने प्रति बोतल ₹5 से ₹20 तक की बढ़ोतरी लागू की है।
आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने बताया कि यह वार्षिक वृद्धि है, जिसे हर साल लागू किया जाता है। सरकार ने दिसंबर में एक्साइज ड्यूटी में बदलाव किया था, जिसे बाद में कैबिनेट की मंजूरी मिली।
राज्य में तीन वर्षों के लिए आबकारी नीति लागू की गई है, जिसके तहत अगली नई नीति अब 2028 में बनाई जाएगी। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी शराब के दामों में 5 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी की गई थी।
इधर, शराब की नई दुकानों को लेकर विरोध भी तेज हो गया है। नैनीताल-उधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने नैनीताल जिले के रातीघाट, मंगोली और बजून क्षेत्रों में प्रस्तावित शराब की दुकानों का कड़ा विरोध किया है।
सांसद भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर इन दुकानों के ठेके निरस्त करने की मांग की है। उन्होंने कैंची धाम के निकट शराब की दुकान खोलने को जनभावनाओं के विपरीत बताया है।
उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में स्थानीय लोग भारी विरोध कर रहे हैं और ये स्थान प्रमुख ग्रामीण बाजार हैं, जहां आसपास के गांवों के लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए आते हैं। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां शराब की दुकान खोलना उचित नहीं है।
सांसद ने यह भी बताया कि प्रस्तावित क्षेत्रों के पास प्राथमिक विद्यालयों के साथ शहीद संजय बिष्ट राजकीय इंटर कॉलेज स्थित है, जिससे छात्रों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका है।
शराब की कीमतों में बढ़ोतरी और नई दुकानों के विरोध को लेकर प्रदेश में यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में बस पलटी एक की मौत एक दर्जन से अधिक घायल, एसडीएम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
error: Content is protected !!