2027 चुनाव से पहले कांग्रेस में बगावत, पुष्कर नयाल का इस्तीफा—नेतृत्व पर लगाए गंभीर आरोप
हल्द्वानी। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी खुलकर सामने आने लगी है। नैनीताल जिले के कांग्रेस प्रभारी एवं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्कर नयाल ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है, जिससे संगठन में हलचल मच गई है।
हल्द्वानी में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुष्कर नयाल ने कहा कि पूर्व जिला पंचायत सदस्य लाखन नेगी को पार्टी में शामिल किए जाने से कार्यकर्ताओं में भारी नाराज़गी है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं भी भीमताल विधानसभा सीट से दावेदार थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया।
नयाल ने आरोप लगाया कि वह वर्षों से पार्टी के लिए समर्पित होकर कार्य कर रहे थे, लेकिन नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य द्वारा लगातार कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा से आए नेताओं को प्राथमिकता देना और पुराने कार्यकर्ताओं को दरकिनार करना पार्टी के भीतर भेदभाव को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में इस फैसले का विरोध हो रहा है और कार्यकर्ता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। नयाल के अनुसार, पार्टी नेतृत्व द्वारा जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी के चलते उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा।
पुष्कर नयाल ने चेतावनी दी कि आने वाले समय में कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता भी इसी तरह के कदम उठा सकते हैं, जिससे पार्टी की स्थिति और कमजोर हो सकती है।

