नैनीताल/हल्द्वानी। शैक्षिक वर्ष 2026-27 से जिले के समस्त राजकीय एवं राजकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों के साथ-साथ नोटबुक भी वितरित की जाएंगी।
मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविन्द राम जायसवाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह निर्णय छात्रों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने और उनकी पढ़ाई को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
उन्होंने बताया कि शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार नोटबुक वितरण कक्षा के आधार पर किया जाएगा। कक्षा 1 से 2 तक के विद्यार्थियों को 2 नोटबुक, कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों को 3 नोटबुक तथा कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को 5 नोटबुक प्रदान की जाएंगी।
इस पहल से विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा, जिससे उन्हें पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
साथ ही, इससे विद्यालयों में नामांकन, उपस्थिति और शिक्षण-सीखने की प्रक्रिया में भी सकारात्मक सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।

