ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

उत्तराखंड में सेना का वाहन खाई में गिरा, अग्निवीर सहित दो जवान घायल; स्थानीय युवाओं ने बचाई जान

चमोली। जिले के गोपेश्वर-चोपता सड़क मार्ग पर गुरुवार को भारतीय सेना का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गया। वाहन में सेना के जवान सवार थे। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय युवाओं ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया।

घायलों को प्रदीप रमोला और राहुल अजय पंवार ने देवदूत बनकर अपने निजी वाहन से जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों में से एक धवल राठौर, जो अग्निवीर के रूप में सेना में तैनात हैं, को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दूसरे जवान की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

गंभीर रूप से घायल जवान को बेहतर उपचार के लिए एयर एम्बुलेंस के माध्यम से हायर सेंटर रेफर किया गया है। दोनों घायल जवान सिग्नल यूनिट से संबंधित बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शी प्रदीप रमोला ने बताया कि सेना का वाहन सड़क से काफी नीचे गिरा हुआ था। गोपेश्वर की ओर जाते समय उन्होंने घायल जवानों को देखा, जिसके बाद बिना देर किए दोनों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे समय रहते उनका उपचार संभव हो सका।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : मल्लीताल प्राथमिक विद्यालय में प्रवेशोत्सव धूमधाम से संपन्न, नए छात्रों का फूलों से स्वागत
error: Content is protected !!