ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

मैथ्स से लेकर साइंस तक, पांचों विषयों में 100/100 नंबर; रुद्रपुर की हर्षा ने CBSE 10वीं में किया टॉप

रुद्रपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार का परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रहा है। हालांकि बोर्ड की ओर से आधिकारिक टॉपर सूची जारी नहीं की गई है, लेकिन देशभर से मेधावी छात्रों के नाम सामने आ रहे हैं।

इसी कड़ी में उत्तराखंड के रुद्रपुर की छात्रा हर्षा ने 10वीं परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक हासिल कर इतिहास रच दिया है। हर्षा ने सभी विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त करते हुए कुल 500 में से 500 नंबर हासिल किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल और पूरे राज्य में खुशी का माहौल है।

हर्षा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और अभिभावकों को दिया। उन्होंने बताया कि उन्हें इतनी बड़ी सफलता की उम्मीद नहीं थी। खास बात यह है कि उन्होंने बिना किसी ट्यूशन के अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया। उनकी मां ने भी बताया कि हर्षा ने लगातार मेहनत की, जिसका परिणाम आज सबके सामने है।

रुद्रपुर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा हर्षा की इस उपलब्धि पर स्कूल में भी जश्न का माहौल है। स्कूल के चेयरमैन सुरजीत सिंह ने हर्षा को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने न सिर्फ स्कूल बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।

वहीं, इस साल CBSE 10वीं का कुल पास प्रतिशत 93.70% रहा। करीब 23.16 लाख छात्र परीक्षा में पास हुए हैं। 90% से अधिक अंक हासिल करने वाले छात्रों की संख्या 2.21 लाख (8.96%) रही, जबकि 95% से अधिक अंक पाने वाले 55,368 (2.24%) छात्र शामिल हैं। इस बार भी त्रिवेंद्रम रीजन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।

बोर्ड के अनुसार, टॉप 0.1% छात्रों को मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। फिलहाल हर्षा के घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और सोशल मीडिया पर भी उनकी जमकर सराहना हो रही है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में इंस्पिरेशन स्कूल प्रबंधन का पलटवार: किताबों की कीमतों पर उठाए सवाल, आरोपों को बताया निराधार
error: Content is protected !!