ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में आज प्रातः महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने विभिन्न वार्डों का व्यापक निरीक्षण किया।

इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्रीय समस्याओं का जमीनी स्तर पर आकलन कर उनका त्वरित एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना रहा। महापौर के इस सक्रिय रुख से स्थानीय जनता में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला।

निरीक्षण के प्रथम चरण में वार्ड संख्या 43 स्थित जय दुर्गा कॉलोनी एवं राकासिया नाला क्षेत्र का दौरा किया गया। यहां महापौर ने नाला सफाई, जल निकासी एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए एडीबी अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात से पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

दूसरे चरण में वार्ड संख्या 47 की निलियम कॉलोनी का निरीक्षण किया गया, जहां सड़क, जल निकासी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और सभी कार्य समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

तीसरे चरण में वार्ड संख्या 41 में ओवरहेड टैंक का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पार्षद चंद्र प्रकाश, एडीबी एवं जल संस्थान के अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के बाद टैंक के पुनर्निर्माण और उच्च क्षमता की मोटर लगाने का निर्णय लिया गया, जिससे क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया और संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर तत्काल निर्देश भी दिए। इससे क्षेत्रीय लोगों को त्वरित राहत मिली।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का प्रत्येक कार्य आमजन की सुविधा और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए समर्पित है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाएं कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हों।

उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम टीम लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय जनता का सहयोग भी सराहनीय रहा, जिसके लिए महापौर ने नागरिकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी सहयोग बनाए रखने की अपील की।

यह भी पढ़ें :  भीमताल : ओखलकांडा के साल गांव में पानी संकट पर फूटा गुस्सा, राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु के नेतृत्व में ग्रामीणों ने किया धरना प्रदर्शन
error: Content is protected !!