हल्द्वानी में महिला के साथ तीन युवाओ द्वारा मारपीट एवं जान से मारने की धमकी व छेड़खानी का
हल्द्वानी। शहर के पंचक्की-जमरानी रोड क्षेत्र में एक महिला और उसकी 5 वर्षीय बेटी के साथ मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सामने आया है।
समाजसेवी विशाल वर्मा के अनुसार, पीड़िता की मां वार्ड नंबर 19, रामपुर रोड क्षेत्र में रहती हैं। पीड़ित महिला और उसकी मां ने पूरी घटना की जानकारी समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा को दी।
पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने बताया कि 14 अप्रैल 2026 को महिला अपनी 5 वर्षीय पुत्री के साथ स्कूटी से जा रही थी, तभी तीन युवकों—राजीव कुमार, लोकेश कुमार और विक्की—ने चलती स्कूटी को लात मारकर गिरा दिया।
इसके बाद आरोपियों ने महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट, गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
बताया गया कि आरोपियों ने महिला को धमकाते हुए कहा कि यदि उसने किसी तरह की कानूनी कार्रवाई की, तो उसे और उसकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा। इस घटना के बाद से पीड़ित महिला, उसकी बेटी और परिवार के अन्य सदस्य भय के माहौल में हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
घटना का सीसीटीवी फुटेज हाल ही में सामने आया है, जिसमें तीनों युवक महिला के साथ मारपीट और अभद्रता करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ित महिला और अंजलि वर्मा 18 अप्रैल 2026 को मंजूनाथ टी.सी. (एसएसपी) से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगी।

