आदेश जारी, जमीनी हकीकत अलग: प्रशिक्षण शिविर शुरू होने के दावे पर सवाल
अधिकारी बोले व्यवस्थाएं नहीं होने के चलते शुरू नहीं कर पाए प्रशिक्षण शिविर शुरू
रिपोर्टर गुडडू सिंह ठठोला
नैनीताल। खेल निदेशालय उत्तराखंड द्वारा 15 अप्रैल 2026 से प्रशिक्षण शिविर शुरू करने के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इससे बिल्कुल अलग नजर आ रहे हैं।
जिले के कई क्षेत्रों में अब तक प्रशिक्षण शिविर शुरू नहीं हो पाए हैं, जिससे विभागीय दावों पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया था कि निर्धारित तिथि से शिविर संचालित किए जाएंगे। साथ ही प्रशिक्षकों की सेवाओं की निरंतरता और मानदेय भुगतान को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए थे। विभाग ने कहा था कि जिन प्रशिक्षकों के तीन वर्ष पूरे नहीं हुए हैं, उनकी सेवाएं जारी रहेंगी और लंबित भुगतान की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी।
इसके बावजूद नैनीताल में प्रशिक्षण गतिविधियां शुरू नहीं हो सकी हैं। न तो मैदानों में खिलाड़ियों का अभ्यास शुरू हुआ है और न ही प्रशिक्षकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश मिल पाए हैं। इससे खिलाड़ियों और कोचों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विभागीय स्तर पर तैयारियों का अभाव साफ दिखाई दे रहा है, जिसका सीधा असर खिलाड़ियों के प्रशिक्षण पर पड़ रहा है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत ने बताया कि नैनीताल में खेल विभाग के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिसके चलते शिविर शुरू नहीं हो सके हैं।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में निदेशक और जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है और जैसे ही आवश्यक निर्देश व संसाधन उपलब्ध होंगे, प्रशिक्षण शिविर शुरू करा दिए जाएंगे।

