देहरादून। आपराधिक घटना को अंजाम देने पहुंचे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो बदमाशों की शनिवार रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी, जबकि उसके साथी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपितों के पास से तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत वसंत विहार थाना पुलिस हरबंशवाला बैरियर पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की नीली स्कूटी पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे बैरियर तोड़कर टी स्टेट की ओर भाग निकले।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें अब्दुला निवासी सहारनपुर के पैर में गोली लगी। उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं उसका साथी शाहनवाज सलमानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल और एसपी सिटी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार घायल बदमाश अब्दुला शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में डकैती के प्रयास, आर्म्स एक्ट और चोरी समेत नौ मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है और उत्तर प्रदेश पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी।
दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना वसंत विहार में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों देहरादून में किस आपराधिक वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।

