नैनीताल जिला क्रीड़ा संघ(डीएसए) ने हाकी, क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल और बालीवाल खेलों के नियुक्त किए कोच
रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। जिला क्रीड़ा संघ नैनीताल (DSA) के अवैतनिक महासचिव मनोज जोशी की पहल पर नैनीताल में जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से निःशुल्क खेल प्रशिक्षण योजना की शुरुआत की गई है।
इस योजना के तहत क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल जैसे प्रमुख खेलों में इच्छुक खिलाड़ियों को नियमित और व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया जाएगा। खिलाड़ी पंजीकरण कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं, जिससे उन्हें खेल क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
प्रशिक्षण के लिए अनुभवी कोचों की नियुक्ति भी की गई है। फुटबॉल एवं हॉकी के लिए गोविंद सिंह बोरा, क्रिकेट के लिए सौरभ सिंह रावत, वॉलीबॉल के लिए नीरज सिंह बिष्ट और बास्केटबॉल के लिए दीपक सिंह बिष्ट को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महासचिव मनोज जोशी ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य उन प्रतिभाशाली बच्चों को आगे लाना है, जो आर्थिक कारणों से उचित प्रशिक्षण और संसाधनों से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों को आवश्यकता अनुसार शैक्षिक सहायता (आर्थिक सहयोग) भी प्रदान की जाएगी और खेल किट निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
यह पहल न केवल स्थानीय खेल प्रतिभाओं को निखारने में सहायक होगी, बल्कि नैनीताल को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में भी अहम कदम साबित होगी।

