ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर सोमवार को नवीन कृषि एवं फल-सब्जी मंडी, हल्द्वानी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाया।

इस दौरान फलों और सब्जियों में अप्राकृतिक रंगों तथा आर्टिफिशियल रिपनिंग एजेंट्स के उपयोग की जांच के लिए सैंपल लिए गए।

उपायुक्त खाद्य संरक्षा कुमाऊं मंडल डॉ. राजेन्द्र सिंह कठायत के नेतृत्व में टीम ने मंडी में थोक और फुटकर विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पपीते और केले के कुल दो नमूने लेकर परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एक कारोबारी को केले पकाने के लिए रिपनिंग चैंबर का वैध एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण न होने पर नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने सभी आढ़तियों और विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए कि फलों को पकाने में आर्टिफिशियल केमिकल्स या प्रतिबंधित कैल्शियम कार्बाइड का इस्तेमाल न करें। इसके बजाय केवल एफएसएसएआई द्वारा अनुमोदित एथिलीन रिपनर के उपयोग की सलाह दी गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि बाजार में पहले से कटे हुए फल-सब्जियां न खरीदें और घर लाने के बाद उन्हें अच्छी तरह धोकर ही उपयोग करें, ताकि संभावित केमिकल या रंग के प्रभाव से बचा जा सके।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह सहित मंडी समिति के प्रतिनिधि भी शामिल रहे।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में पार्षदों की नई मांग: देहरादून मॉडल पर वेतन-भत्ते लागू करने की तैयारी
error: Content is protected !!