अल्मोड़ा। जिला सूचना कार्यालय अल्मोड़ा में बुधवार को “पत्रकार संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के पत्रकारों ने प्रतिभाग कर पत्रकारों की समस्याओं, प्रेस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा सूचना विभाग और मीडिया के बीच सहयोग बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने सभी पत्रकारों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य पत्रकारों की समस्याओं को सुनना, प्रेस और प्रशासन के बीच समन्वय को मजबूत करना तथा सरकार की योजनाओं और नीतियों का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करना है।
इस दौरान पत्रकारों ने चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, बीमा योजनाओं का लाभ, पत्रकार कल्याण कोष को सशक्त बनाने, प्रेस मान्यता नियमों में शिथिलीकरण तथा पत्रकार पेंशन नियमों को अधिक व्यावहारिक बनाने की मांग उठाई। साथ ही पत्रकारों से संबंधित योजनाओं में जिलाधिकारी और जिला सूचना अधिकारी की भूमिका बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
पत्रकारों ने शासन द्वारा गठित “जिला स्तरीय पत्रकार स्थाई समिति” की नियमित बैठकें आयोजित कराने तथा उन बैठकों में जनहित से जुड़े मुद्दों को भी शामिल किए जाने की मांग रखी।
जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने आश्वस्त किया कि सूचना विभाग पत्रकारों की मांगों और समस्याओं के प्रति संवेदनशील है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सुझावों और मांगों को उच्च स्तर तक पहुंचाया जाएगा तथा सकारात्मक कार्रवाई के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही प्रेस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

