ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

24 घंटे में डबल कामयाबी: लालकुआं पुलिस ने 35 लाख के जेवर संग शातिर चोर दबोचा, पीपलपड़ाव हत्याकांड का भी किया खुलासा

SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी के तीन मामलों का खुलासा और वन कर्मी हत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस को लगातार अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक ओर लालकुआं पुलिस ने 35 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषण बरामद कर तीन सनसनीखेज चोरी की घटनाओं का खुलासा किया, वहीं दूसरी ओर हल्द्वानी पुलिस ने पीपलपड़ाव जंगल में वन कर्मी की हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

35 लाख के जेवर बरामद, शातिर चोर गिरफ्तार

थाना लालकुआं क्षेत्र में लगातार हो रही नकबजनी और चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी और मैन्युअल सर्विलांस के जरिए संदिग्धों पर नजर रखी।

23 मई को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल एक संदिग्ध व्यक्ति बिन्दुखत्ता क्षेत्र में चोरी के जेवर बेचने पहुंचा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी भानु प्रताप (21 वर्ष) निवासी बहेड़ी, बरेली को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पंखानुमा हीटर की प्लेट के भीतर भी जेवर छिपाकर रखे थे। पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2025 और 2026 में लालकुआं-बिन्दुखत्ता क्षेत्र में हुई तीन चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी दिन में बंद मकानों की रेकी करता था और मौका मिलने पर ताले तोड़कर नकदी व जेवर चोरी कर फरार हो जाता था। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।

पीपलपड़ाव हत्याकांड का भी खुलासा

उधर हल्द्वानी क्षेत्र के पीपलपड़ाव जंगल स्थित भाखड़ा रेंज में वन विभाग के रोपण रक्षक मेवा लाल की हत्या के मामले में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में चौकीदार तिवारी सिंह के बयान संदिग्ध पाए गए। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात उसने मृतक के साथ शराब पी थी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद और गाली-गलौज हुई, जिसके बाद उसने आवेश में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर मेवा लाल की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

पुलिस ने आरोपी तिवारी सिंह निवासी गूलरभोज, ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : दर्दनाक हादसे में खटीमा के एक ही परिवार के 4 सदस्यों समेत 5 लोगों की मौत

You missed

error: Content is protected !!