गांव का गौरव सम्मान समारोह कार्यक्रम में भाजपा नेता मनोज पाठक ने स्कूली बच्चों और ग्रामवासियों को किया सम्मानित।
रिपोर्टर – नीरज तिवारी
कालाढूंगी। चकलुवा स्थित एक स्कूल में आयोजित ‘गाँव का गौरव सम्मान समारोह’ कार्यक्रम में भाजपा नेता मनोज पाठक ने स्कूली बच्चों एवं ग्रामवासियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोज पाठक ने कहा कि उनके द्वारा “गाँव का गौरव सम्मान समारोह” नाम से एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत कालाढूंगी विधानसभा के नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस सम्मान समारोह में आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, वरिष्ठ नागरिक, स्कूली बच्चे, समाजसेवी, डॉक्टर, शिक्षक, महिला स्वयं सहायता समूह, ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को सम्मानित करने से उन्हें समाज और जनता की सेवा के लिए और अधिक ऊर्जा एवं प्रेरणा मिलती है।
इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं भाजपा नेता के समक्ष रखीं। मनोज पाठक ने बताया कि कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि अन्य समस्याओं के समाधान के लिए शासन और प्रशासन से समन्वय स्थापित कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीणों ने नवनिर्मित पुल के पास सोलर लाइट लगाने की मांग की है, जिसे उनके द्वारा एक दिन के भीतर लगवा दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सम्मानित लोगों और ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की।

