ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

उत्तराखंड में बंगाल मॉडल पर चुनाव लड़ेगी भाजपा, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ संगठन पर दिया जोर

धामी सरकार की उपलब्धियों को बताया ‘बोनस’, बोले— चुनाव संगठन और कार्यकर्ताओं की ताकत से जीते जाते हैं

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तराखंड दौरे के साथ आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों का औपचारिक आगाज कर दिया है। तीन दिवसीय प्रवास के पहले दिन उन्होंने संगठन पदाधिकारियों, कोर कमेटी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ कई अहम बैठकें कर चुनावी रणनीति पर मंथन किया।

बैठक में नितिन नवीन ने स्पष्ट कहा कि सरकार की उपलब्धियां भाजपा के लिए बोनस की तरह हैं, लेकिन चुनाव मजबूत संगठन, सक्रिय बूथ और समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर ही जीते जाते हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि सत्ता में न होने के बावजूद भाजपा ने वहां बूथ स्तर तक मजबूत संगठन, पन्ना प्रमुख व्यवस्था और घर-घर संपर्क अभियान के जरिए खुद को बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में स्थापित किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड में भी हर बूथ को चुनावी इकाई मानकर रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने संगठन की गतिविधियों को गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाने, प्रशिक्षण अभियानों में तेजी लाने और युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, सोशल मीडिया तथा आईटी विभाग की भूमिका को और मजबूत करने पर जोर दिया।

बैठक में पर्वतीय क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने, जनप्रतिनिधियों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा कार्यकर्ताओं को लगातार मैदान में सक्रिय रखने पर विशेष फोकस किया गया। रोजगार, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क एवं कनेक्टिविटी, आपदा प्रबंधन, चारधाम यात्रा और सीमांत क्षेत्रों के विकास जैसे जनसरोकार के मुद्दों को भी चुनावी रणनीति से जोड़ा गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान तेज करने और विपक्ष के दुष्प्रचार का प्रभावी जवाब देने का आह्वान किया। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रिमंडल समूह के साथ हुई बैठक में मंत्रियों के विभागीय प्रदर्शन का रिपोर्ट कार्ड आधारित आकलन भी किया गया।

सूत्रों के अनुसार, पिछली बार कम अंतर से जीती गई तथा संगठनात्मक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण मानी जा रही हाई रिस्क सीटों पर सरकार और संगठन की संयुक्त रणनीति तैयार करने पर विशेष चर्चा हुई।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि उत्तराखंड दौरा उन राज्यों की श्रृंखला की शुरुआत है, जहां अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा अध्यक्ष प्रत्येक राज्य में तीन दिन रुककर कार्यकर्ताओं, विधायकों और नेताओं से सीधे फीडबैक लेंगे ताकि चुनावी तैयारियों को समय रहते धार दी जा सके।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में भीषण गर्मी का कहर, मैदानों में पारा 40 पार; हीट वेव अलर्ट जारी

You missed

error: Content is protected !!