ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

तेज बारिश में नैनीझील के बीच पर्यटकों ने किया खतरे का खेल, नियमों की उड़ाई धज्जियां

 रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। बारिश शुरू होते ही अधिकांश नौकाएं किनारे लौटीं, लेकिन कुछ सैलानी पैडिल बोट लेकर झील के बीच पहुंचे; प्रशासनिक नियमों की अनदेखी

नैनीताल में शनिवार को हुई तेज बारिश के बीच कुछ पर्यटक नैनीझील में पैडिल बोट पर सवार होकर खतरे का खेल खेलते नजर आए। मौसम विभाग द्वारा अगले तीन दिनों तक वर्षा की संभावना जताए जाने के बीच वीकेंड पर बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल पहुंचे हुए हैं। दोपहर के समय पर्यटक मॉल रोड, नैनीझील और अन्य पर्यटन स्थलों पर घूम रहे थे कि अचानक बारिश शुरू हो गई।

बारिश शुरू होते ही अधिकांश नौकाएं और सैलानी सुरक्षित स्थानों तथा झील किनारे पहुंच गए, लेकिन कुछ पर्यटक पैडिल बोट लेकर झील के बीच की ओर लौट गए। इस दौरान वे झील में खतरनाक तरीके से झुककर पानी से खेलते भी दिखाई दिए, जिससे आसपास मौजूद लोगों का ध्यान उनकी ओर आकर्षित हो गया।

हालांकि राहत की बात यह रही कि पर्यटकों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी और बोट को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा। वहीं ठंडी सड़क स्थित शनि मंदिर परिसर तक भी बारिश का पानी पहुंच गया, जिससे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति देखने को मिली।

नौकायन से जुड़े नियमों के अनुसार बोट का संचालन सूर्योदय से सूर्यास्त तक ही किया जा सकता है। बारिश शुरू होने की स्थिति में बोट को तत्काल नजदीकी किनारे पर लगाकर यात्रियों को उतारना आवश्यक होता है। इसके अलावा बोट में खड़े होकर उत्पात मचाना, असावधानी बरतना अथवा नशा करना पूर्णतः प्रतिबंधित है। नौकायन के दौरान लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

ऐसे में पर्यटकों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करें और अनावश्यक जोखिम लेने से बचें।

यह भी पढ़ें :  फूफा की आवाज बनकर साइबर ठग ने महिला से उड़ाए 45 हजार, कुमाऊं में अनोखी ठगी का मामला
error: Content is protected !!