काठगोदाम में अतिक्रमण पर चला प्रशासन और नगर निगम का बुलडोजर, हो रहा है कलसिया पुल का विस्तार
कलसिया पुल निर्माण का रास्ता साफ, प्रशासन ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
हल्द्वानी। काठगोदाम स्थित कलसिया पुल के पास सोमवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में जेसीबी मशीनों के जरिए पुल के आसपास किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार लगातार बारिश और बरसात के कारण कलसिया पुल लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। वर्तमान में कुमाऊं की यातायात व्यवस्था वैकल्पिक बेली ब्रिज के माध्यम से संचालित की जा रही है। यह पुल कुमाऊं मंडल के छह जिलों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, इसलिए इसके स्थायी निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि पुल निर्माण के लिए आसपास के क्षेत्र में हुए अतिक्रमण को हटाना आवश्यक था। इसके लिए संबंधित लोगों को पूर्व में नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर सोमवार को प्रशासन और नगर निगम की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटा दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि मानसून से पहले स्थायी पुल निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

