पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल पहुंची किशोरी के गर्भवती होने का हुआ खुलासा, मां और नवजात दोनों सुरक्षित
लालकुआं। नैनीताल जिले के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के हल्दूचौड़ इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 16 वर्षीय एक नाबालिग किशोरी ने अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब पेट में तेज दर्द होने पर परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार किशोरी की मां का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपने पिता और तीन बहनों के साथ रहती है। कुछ दिन पहले अचानक उसके पेट में तेज दर्द उठा, जिसके बाद परिजन उसे हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा जांच किए जाने पर पता चला कि किशोरी गर्भवती है और उसे प्रसव पीड़ा हो रही है।
स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तत्काल प्रसव कराया, जिसके बाद किशोरी ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार मां और नवजात दोनों सुरक्षित हैं और चिकित्सकीय निगरानी में हैं।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद जांच में पता चला कि पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग किशोर के साथ उसके संबंध थे, जिसके चलते वह गर्भवती हुई। सामाजिक भय और बदनामी के डर से किशोरी ने यह बात अपने पिता या परिवार के अन्य सदस्यों को नहीं बताई थी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। चूंकि पीड़िता नाबालिग है, इसलिए कानून के तहत मामला पोक्सो एक्ट के अंतर्गत दर्ज किया गया है।
परिजनों की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।