देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप और शुष्क मौसम के चलते लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है, जबकि पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हो रही बारिश से राहत मिल रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आज पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
मंगलवार को देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के समय तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप के कारण सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रही। हालांकि सुबह और शाम के समय बाजारों में सामान्य चहल-पहल देखने को मिली।
मौसम साफ रहने से चारधाम यात्रा में भी श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज उत्तरकाशी, देहरादून और टिहरी के कुछ क्षेत्रों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं वर्षा होने के आसार हैं।
वहीं 11 जून को मौसम का मिजाज और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों के लिए गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। 12 जून को भी प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है।


