NEET पुनर्परीक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस हाई अलर्ट, 11 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
161 होटल-ढाबों की चेकिंग, 332 वाहनों के चालान और 11 वाहन सीज; एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर व्यापक निगरानी अभियान
नैनीताल। 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस हाई अलर्ट पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद के सभी 11 परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
पुलिस द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट्स, संस्थानों और कोचिंग सेंटरों की सघन जांच की जा रही है।
अभियान के तहत कुल 161 होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट्स का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान 61 प्रतिष्ठानों में विभिन्न अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई करते हुए ₹16,500 का संयोजन शुल्क वसूला गया।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए जिलेभर में वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। इस दौरान 332 वाहनों के चालान किए गए, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन पर 11 वाहनों को सीज किया गया। साथ ही 2 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र निलंबन की कार्रवाई के लिए भेजे गए। वाहन चेकिंग के दौरान ₹66,500 का संयोजन शुल्क भी जमा कराया गया।
पुलिस द्वारा परीक्षा केंद्रों के अलावा बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, होटल-ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।
नैनीताल पुलिस ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


