ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

चंपावत। जिले के बनबसा क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। चंपावत एसओजी में तैनात जवान गिरीश भट्ट की जिम में व्यायाम के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना के बाद उनके परिवार और पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, बनबसा के भजनपुर निवासी 38 वर्षीय गिरीश भट्ट शुक्रवार शाम नियमित रूप से जिम में व्यायाम कर रहे थे। इसी दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिम में मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए खटीमा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत का कारण हृदय गति रुकना (कार्डियक अरेस्ट) माना जा रहा है। हालांकि, विस्तृत चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।

गिरीश भट्ट मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के निवासी थे और वर्तमान में बनबसा में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और दो पुत्र हैं। जवान के असामयिक निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गिरीश भट्ट चंपावत एसओजी के सक्रिय, कर्तव्यनिष्ठ और मेहनती जवानों में गिने जाते थे। उन्होंने कई महत्वपूर्ण अभियानों में अपनी अहम भूमिका निभाई थी। उनके सहयोगी उन्हें एक जिम्मेदार और समर्पित अधिकारी के रूप में याद कर रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई। पुलिस अधिकारियों, जवानों, व्यापार मंडल और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गिरीश भट्ट के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। शनिवार को बनबसा के शारदा घाट श्मशान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

यह भी पढ़ें :  रानीखेत के प्रतिष्ठित व्यवसायी गिरीश वेला के निधन पर करन माहरा एवं रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने जताया गहरा शोक

You missed

error: Content is protected !!