NEET (UG) Re-Exam 2026: नैनीताल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में धारा 163 लागू
नैनीताल। NEET (UG) Re-Exam 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। जनपद के सभी 11 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं, ताकि परीक्षा नकलविहीन एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने तथा कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 (पूर्ववर्ती धारा 144) लागू कर दी गई है।
पुलिस प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में कई गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इस दौरान किसी भी प्रकार की अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं की जा सकेगी। लाउडस्पीकर अथवा अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर रोक रहेगी। साथ ही धरना, प्रदर्शन, जुलूस, नारेबाजी एवं शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सार्वजनिक गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने अभ्यर्थियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि परीक्षा को सुरक्षित एवं नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न करने वाले या नियमों का उल्लंघन करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


