ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का लिया संकल्प

हल्द्वानी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हल्द्वानी में विभिन्न स्थानों पर भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह 5 बजे से शुरू हुए योग सत्र लगभग 7 बजे तक चले, जिनमें युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान लोगों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं निरोग जीवन अपनाने का संकल्प लिया।

योगाभ्यास में शामिल लोगों का कहना था कि आज पूरे विश्व में योग का महत्व लगातार बढ़ रहा है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से लोग योग के प्रति जागरूक हो रहे हैं और नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव के साथ शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बना रहे हैं।

प्रतिभागियों ने कहा कि भारत सरकार द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाना देश के लिए गौरव की बात है। भारत की इस प्राचीन परंपरा को आज दुनिया के अनेक देशों ने अपनाया है और वैश्विक स्तर पर योग दिवस मनाकर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान योग के माध्यम से तनावमुक्त जीवन, सकारात्मक सोच और बेहतर स्वास्थ्य के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

आयोजकों ने लोगों से नियमित योग करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

यह भी पढ़ें :  अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हल्द्वानी में भव्य योग शिविर, डीएम और एसएसपी की मौजूदगी में 350 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास
error: Content is protected !!