ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

वारदात के बाद सात दिन तक बदलते रहे ठिकाने, पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से पकड़कर भेजा जेल

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के दन्यां क्षेत्र स्थित सेली गांव में पिता की हत्या के आरोप में फरार बेटी और उसके पति को पुलिस ने वारदात के करीब एक सप्ताह बाद जम्मू-कश्मीर के कटरा से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी घटना के बाद लगातार ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, सेली गांव निवासी चंद्रशेखर पांडे बीते शनिवार रात अपने घर में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। उनके शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। ग्रामीणों ने उन्हें पहले नजदीकी अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल अल्मोड़ा पहुंचाया। गंभीर हालत के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में मृतक की बेटी जानकी पांडे पर अपने पिता पर दराती से हमला करने का आरोप सामने आया। जानकी अपने पति धर्मवीर शर्मा के साथ हरियाणा से गांव आई हुई थी। घटना के बाद दोनों फरार हो गए थे, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने जानकी पांडे, उसके पति धर्मवीर शर्मा (28), निवासी शेजपुरा, जिला हांसी (हरियाणा) तथा मृतक की पत्नी खष्टी देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गईं।

लगातार सात दिनों तक अल्मोड़ा, हरियाणा और अन्य संभावित स्थानों पर तलाश के बाद पुलिस ने 26 जून को दोनों मुख्य आरोपियों को कटरा (जम्मू-कश्मीर) से गिरफ्तार कर लिया। कटरा में न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस उन्हें अल्मोड़ा लाई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी धर्मवीर शर्मा का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस हत्याकांड के पीछे के कारणों और अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है। रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस वारदात से पूरे क्षेत्र में लोग स्तब्ध हैं।

यह भी पढ़ें :  प्रेमी ने शादी से किया इनकार, महिला ने वीडियो बनाकर खाया जहर; मौत से पहले लगाया गंभीर आरोप
error: Content is protected !!