उत्तराखंड में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना,घरेलू विवाद के दौरान युवक ने अपनी ही मां को मारी  गोली 

ऋषिकेश। ऋषिकेश के आईडीपीएल चौकी क्षेत्र की विस्थापित कॉलोनी में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी ही मां को गोली मार दी।

गंभीर रूप से घायल महिला को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, विस्थापित कॉलोनी गली नंबर-3 निवासी उषा देवीं और उनके बेटे सुमित गौड़ के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में सुमित ने अपनी मां पर गोली चला दी। गोली लगते ही उषा देवी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी बेटा ही घायल मां को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचा। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी प्रभारी विवेक राठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस टीम एम्स पहुंची और घायल महिला की स्थिति की जानकारी ली।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में विवाद के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। महिला को गोली शरीर के किस हिस्से में लगी, इसकी पुष्टि चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद होगी। साथ ही जिस हथियार से गोली चलाई गई, वह लाइसेंसी था या अवैध, इसकी भी जांच की जा रही है।
प्रथम दृष्टया पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी युवक नशे का आदी है और आशंका है कि उसने नशे की हालत में इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  ग्राफिक एरा भीमताल के एनएसएस स्वयंसेवकों ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ बांटी खुशियां, वॉशिंग मशीन भी भेंट की

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.