ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में क्षेत्रीय कार्यालय हल्द्वानी के अधीन संचालित उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की ऊंचापुल शाखा में महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए ऋण वितरण एवं वित्तीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान पात्र महिला स्वयं सहायता समूहों को बैंक की विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण वितरित किए गए।

शिविर में शाखा प्रबंधक शालिनी सिंह ने उपस्थित महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों और ग्राहकों को संबोधित करते हुए कहा कि बैंक से प्राप्त ऋण का उपयोग आय बढ़ाने वाले कार्यों में किया जाना चाहिए, ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकें। उन्होंने समय पर ऋण की किस्तें जमा करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में वित्तीय जागरूकता सलाहकार बी.डी. नैनवाल ने डिजिटल बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और अन्य ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने लोगों को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि बैंक कभी भी फोन पर ग्राहकों से ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी या अन्य गोपनीय जानकारी नहीं मांगता। उन्होंने सभी से अपील की कि अपनी व्यक्तिगत बैंकिंग जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

शिविर में बैंक अधिकारियों ने महिला समूहों को बैंकिंग सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने, नियमित बचत करने और डिजिटल लेनदेन अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।

कार्यक्रम में मनीष कुमार, वंदना आर्या, हिमानी चौधरी, ललित डालाकोटी, प्रवेन्द्र कार्की, सरस्वती बिष्ट, मीना बिष्ट, कविता जोशी, कंचन कनवाल, नीलम अधिकारी, गीता नैनवाल सहित बड़ी संख्या में महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्य एवं बैंक ग्राहक उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 17 जुलाई 2026
error: Content is protected !!