ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रामलीला मैदान में खड़गे की जनसभा के बाद एसएसपी कार्यालय में हंगामे का आरोप, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने कांग्रेस पर साधा निशाना

हल्द्वानी। 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किए गए कथित अभद्र एवं अशोभनीय व्यवहार के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट के नेतृत्व में रविवार को जिला अधिकारी कैंप कार्यालय, हल्द्वानी पहुंचकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया।

भाजपा ने ज्ञापन के माध्यम से संबंधित कांग्रेस नेताओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी एवं सख्त दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस नेताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और एसएसपी कार्यालय में प्रवेश कर हंगामा करते हुए सरकारी व्यवस्था एवं प्रशासनिक मर्यादाओं को चुनौती दी।

जनसभा में अपेक्षित भीड़ नहीं जुटने पर बौखलाहट का आरोप

ज्ञापन सौंपते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की जनसभा में अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नहीं जुटी, जिसके बाद अपनी राजनीतिक नाकामी को छिपाने के लिए कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन पर वाहनों को रोकने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि इसके बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में घुसकर हंगामा किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने इसे प्रशासनिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति कांग्रेस की सोच का परिचायक बताया।

प्रताप सिंह बिष्ट ने कहा कि UPSC के माध्यम से चयनित वरिष्ठ IPS अधिकारी के प्रति अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस के नैतिक पतन को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को पहले से ही अपनी जनसभा के अपेक्षित प्रभाव को लेकर अंदेशा था और इसी कारण जानबूझकर छोटा मैदान चुना गया। उनके अनुसार, मैदान पूरी तरह नहीं भर पाने की कथित बौखलाहट में सरकारी कार्यालय में हंगामा किया गया और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास किया गया।

सनातन विरोधी नारों को लेकर भी भाजपा ने जताई आपत्ति

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हल्द्वानी के पूर्व मेयर डा. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला ने कांग्रेस की जनसभा के दौरान कथित रूप से लगाए गए सनातन विरोधी नारों को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी के प्राचीन रामलीला मैदान में इस तरह के नारे लगना अत्यंत निंदनीय है और इससे कांग्रेस की सांप्रदायिक सोच उजागर होती है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी प्रकार के वक्तव्य या नारे को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

‘मां गंगा के अपमान को सनातन समाज नहीं सहेगा’

उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष डा. अनिल कपूर डब्बू ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सावन के पवित्र माह में कांग्रेस के मंच से मां गंगा के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की गई, जिसे सनातन समाज स्वीकार नहीं करेगा।

उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्थाओं से जुड़े विषयों पर राजनीतिक मंचों से इस प्रकार की टिप्पणियां नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को इन मुद्दों का जवाब देगी।

दोषी नेताओं के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मांग की कि सरकारी कार्यालय में कथित रूप से हंगामा करने, सरकारी मर्यादाओं का उल्लंघन करने और शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के प्रयास के लिए जिम्मेदार कांग्रेस नेताओं की पहचान की जाए। भाजपा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन सरकारी संस्थानों, पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति मर्यादा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।

ये रहे मौजूद

ज्ञापन देने वालों में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, पूर्व मेयर डा. जोगिंदर पाल सिंह रौतेला, दर्जा राज्य मंत्री डा. अनिल कपूर डब्बू, हुकुम सिंह कुँवर, मोहन पाठक, शंकर कोरंगा, देवेंद्र ढैला, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी प्रदीप जनोटी, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नेगी, जिला महामंत्री रंजन सिंह बर्गली एवं विनीत अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, जिला मंत्री प्रताप रैकवाल एवं रुक्मणी बचखेती, जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा, हल्द्वानी मंडल अध्यक्ष मधुकर श्रोत्रिय, पान सिंह मेवाड़ी, जिला प्रकोष्ठ संयोजक गणेश पंत, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष रवीन्द्र बाली समेत भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  कारोबारी की दर्दनाक विदाई: वृद्धाश्रम में ली अंतिम सांस, तीनों शिक्षक बेटियों ने अंतिम संस्कार में आने से किया इनकार

You missed

error: Content is protected !!