17 वर्षीय नाबालिग किशोरी द्वारा बच्चे को जन्म देने का मामला सामने आने से मचा हड़कंप किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर अस्पतालमे किया भर्ती
कपकोट/बागेश्वर। कपकोट थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी द्वारा बच्चे को जन्म देने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। प्रसव के बाद किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कपकोट से जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर किया गया।
अस्पताल प्रबंधन की सूचना के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और एक युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को 17 वर्षीय किशोरी को प्रसव के लिए सीएचसी कपकोट लाया गया था। अस्पताल में चिकित्सकीय प्रक्रिया के दौरान किशोरी के नाबालिग होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। किशोरी ने अस्पताल में ही बच्चे को जन्म दिया।
प्रसव के बाद गुरुवार को किशोरी की तबीयत बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया और स्वास्थ्य को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल किशोरी और नवजात की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान बांसे निवासी कवींद्र राम का नाम सामने आने के बाद उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है तथा किशोरी के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कपकोट थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से नाबालिग किशोरी के प्रसव की सूचना पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलने के बाद मामले की जांच की गई, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









