हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर खुद को भारतीय सेना की प्रतिष्ठित पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर युवतियों और सोशल मीडिया यूजर्स को प्रभावित करने वाले एक युवक का नैनीताल पुलिस की एसओजी टीम ने पर्दाफाश किया है।
युवक के सोशल मीडिया अकाउंट पर भारतीय सेना के अधिकारी की वर्दी में तस्वीरें और कथित Army Identity Card प्रदर्शित किए जा रहे थे। जांच में युवक का भारतीय सेना से कोई संबंध नहीं पाया गया।
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी नैनीताल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को तलाश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 1 सितंबर 2026 को मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने एसओजी कार्यालय हल्द्वानी को सूचना दी कि रोहित सिंह मेहता नामक एक व्यक्ति Instagram सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्वयं को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर अपनी पहचान प्रदर्शित कर रहा है।
सूचना में बताया गया कि उक्त व्यक्ति भारतीय सेना के अधिकारी की वर्दी में विभिन्न फोटो और एक कथित Army Identity Card सोशल मीडिया पर प्रदर्शित कर रहा है, जबकि जांच के दौरान उसका भारतीय सेना में कोई रिकॉर्ड नहीं पाया गया।
मोबाइल लोकेशन के आधार पर SOG ने की तलाश
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसओजी टीम ने संबंधित मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर युवक की तलाश शुरू की।
लोकेशन के आधार पर टीम को जानकारी मिली कि रोहित सिंह मेहता Birla Opus Paint के एक गोदाम में कार्यरत है। इसके बाद एसओजी टीम ने युवक तक पहुंचकर उससे पूछताछ की।
AI और Google Gemini की मदद से तैयार की मॉर्फ्ड तस्वीरें
पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भारतीय सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली तस्वीरें प्राप्त कीं। इसके बाद उसने Artificial Intelligence और Google Gemini की सहायता से अपनी मॉर्फ्ड तस्वीरें तैयार कीं।
इन तस्वीरों को युवक ने Instagram पर अपलोड कर स्वयं को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर प्रदर्शित किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सोशल मीडिया पर अपनी ऐसी छवि तैयार की, जिससे लोग उसे सेना का अधिकारी समझ सकें।
फॉलोअर्स बढ़ाने और युवतियों को प्रभावित करने का बताया उद्देश्य
पूछताछ के दौरान युवक ने पुलिस को बताया कि उसका उद्देश्य सोशल मीडिया पर अपनी फॉलोइंग बढ़ाना और युवतियों को प्रभावित करना था। युवक द्वारा भारतीय सेना के अधिकारी का प्रतिरूपण कर सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान प्रस्तुत किए जाने को गंभीरता से लिया गया है।
एसओजी टीम ने आरोपी के कब्जे से मिले मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें भारतीय सेना के अधिकारियों की वर्दी से संबंधित फोटो और वीडियो सुरक्षित पाए गए। इसके अलावा उसके पास से एक फर्जी प्रतीत होने वाला Army Identity Card भी बरामद किया गया।
फर्जी पहचान और प्रतिरूपण के मामले में मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार, भारतीय सेना के अधिकारी का प्रतिरूपण करने, फर्जी पहचान प्रदर्शित करने और धोखाधड़ी से संबंधित मामले में आरोपी के विरुद्ध कोतवाली हल्द्वानी में धारा 168/318(3)/319(2 बीएनएस के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इसके साथ ही आरोपी के खिलाफ धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिया गया युवक रोहित सिंह मेहता पुत्र खुशाल सिंह मेहता, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी ग्राम कानीकोट, तहसील पाटी, जनपद चम्पावत, हाल निवासी गोरापड़ाव, हल्द्वानी, जनपद नैनीताल है।
नैनीताल पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर लोगों को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।










