ब्रेकिंग न्यूज़

भीमताल में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया दौरा, पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री; अधिकारियों को तत्काल मुआवजा और व्यवस्थाएं बहाल करने के निर्देश

भीमताल। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने चाफी, अलचौना, पांडेयछोड़, भीमताल, कुवाताल सहित विभिन्न प्रभावित इलाकों में पहुंचकर प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया।

दौरे के दौरान मंत्री कैड़ा ने क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों, प्रभावित आवासीय क्षेत्रों तथा अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने आपदा प्रभावित ग्रामीणों और परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और किसी भी पीड़ित परिवार को सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इस दौरान मंत्री कैड़ा ने प्रभावित परिवारों के बीच खाद्य सामग्री का भी वितरण किया। उन्होंने राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

मृतक बच्ची के परिजनों को दिया 4 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल नाले में बहने से मृतक हुई बच्ची के परिजनों से भी मुलाकात की और गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतक बच्ची के परिवार को आपदा मद से 4 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया।

मंत्री कैड़ा ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार और शासन-प्रशासन पूरी तरह से उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।

क्षतिग्रस्त मकानों और सड़कों का तत्काल आकलन करने के निर्देश

मंत्री कैड़ा ने कहा कि आपदा के कारण क्षेत्र के कई ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त और ध्वस्त हुए हैं, जबकि कई अन्य मकानों को भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित गांवों में नुकसान का शीघ्र सर्वे और आकलन कराकर पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने जिलाधिकारी को भी आपदा से प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द राहत और मुआवजा देने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों को शीघ्र खोलने और मरम्मत करने, क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को दुरुस्त करने तथा विद्युत व्यवस्था को जल्द बहाल करने के निर्देश भी दिए। साथ ही, जहां आवश्यक हो वहां आपदा मद से सुरक्षात्मक कार्य कराए जाने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में संभावित नुकसान को कम किया जा सके।

विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

दौरे के दौरान मंत्री कैड़ा और जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहना होगा और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित करनी होंगी।

मंत्री ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने, क्षतिग्रस्त मूलभूत सुविधाओं को बहाल करने और खतरे वाले क्षेत्रों में सुरक्षात्मक उपाय करने की होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  100 करोड़ के क्लब में शामिल हुई ‘हनुमान अंश’ : कैंची धाम पहुंचेंगी युवा निर्मात्री अनूप्रिया नागर, ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद नीम करोली बाबा का लेंगी आशीर्वाद

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.