देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में पशुपालन विभाग तथा गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से चयनित 101 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और मजबूत संकल्प का परिणाम है। नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों में 88 पशुधन प्रसार अधिकारी और 13 गन्ना पर्यवेक्षक शामिल हैं।

सरकारी व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा बने युवा, जनसेवा की नई जिम्मेदारी

नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज से सभी नवनियुक्त कार्मिक उत्तराखंड सरकार का अभिन्न हिस्सा बन गए हैं और उनके जीवन में जनसेवा की एक नई एवं महत्वपूर्ण यात्रा शुरू हो रही है।

उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, नए विचार और आधुनिक ज्ञान सरकारी कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कार्मिकों से अपेक्षा की कि वे पूरी ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

5 वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री धामी ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और भर्ती परीक्षाओं में होने वाली अनियमितताओं को रोकने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब सरकारी नौकरियां किसी सिफारिश, पहचान या प्रभाव के आधार पर नहीं, बल्कि युवाओं की मेहनत और योग्यता के आधार पर दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरी मिली है, जो राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

पशुपालन से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था और मातृशक्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन विभाग उत्तराखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में पशुपालन हजारों परिवारों की आजीविका से जुड़ा हुआ है और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में भी इसकी बड़ी भूमिका है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पशुपालन को रोजगार और स्वरोजगार के मजबूत माध्यम के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से डेयरी एवं पशुपालन क्षेत्र को बढ़ावा दिया जा रहा है।

सरकार द्वारा पशुपालकों को सब्सिडी के माध्यम से गाय, बकरी, भेड़ और मुर्गी पालन की इकाइयों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके साथ ही कृत्रिम गर्भाधान, समय पर टीकाकरण और बेहतर पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश से 5 रुपये प्रति कुंतल अधिक गन्ना मूल्य

मुख्यमंत्री धामी ने गन्ना किसानों के हितों को लेकर भी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि गन्ना सर्वे की व्यवस्था को ऑनलाइन कर अधिक पारदर्शी बनाया गया है, जिससे किसानों को बेहतर और निष्पक्ष व्यवस्था का लाभ मिल सके।

किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत गन्ना प्रजातियों और वैज्ञानिक खेती की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए गन्ना क्लीनिक और परामर्श केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार गन्ना किसानों को पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश की तुलना में 5 रुपये प्रति कुंतल अधिक गन्ना मूल्य दे रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

जनता को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें: सीएम धामी

नवनियुक्त कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों को किसानों और पशुपालकों से सीधा संवाद स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से शासन की कार्यप्रणाली में ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि’ के मूल मंत्र को अपनाने का आह्वान किया।

विकसित भारत-2047 के संकल्प में उत्तराखंड की अहम भूमिका

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है और उत्तराखंड भी इस राष्ट्रीय संकल्प में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने नवनियुक्त युवाओं से अपील की कि वे अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करते हुए एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में अपना शत-प्रतिशत योगदान दें।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, गणेश जोशी और खजानदास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर और दुर्गेश्वर लाल, सचिव एस.एन. पाण्डेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल में दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक में पीछे से घुसी बाइक, 28 वर्षीय युवक की मौत, साथी गंभीर
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.