वायरल वीडियो पर SSP नैनीताल का तत्काल एक्शन: काठगोदाम रोड पर डंडे लहराकर दहशत फैलाने वाले 15 युवक चिन्हित, 8 बालिग पर कार्रवाई और 7 नाबालिगों की काउंसलिंग
जन्माष्टमी की रात हल्द्वानी-काठगोदाम मार्ग पर वायरल हुआ था वीडियो; वाहनों को किया गया सीज, नाबालिगों के परिजनों पर भी पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई
वायरल वीडियो पर SSP नैनीताल का तत्काल एक्शन
हल्द्वानी। जन्माष्टमी पर्व की रात हल्द्वानी-काठगोदाम मार्ग पर कुछ युवकों द्वारा वाहनों में सवार होकर डंडे लहराने और आमजन में भय एवं अराजकता का माहौल पैदा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नैनीताल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपित युवकों तथा वीडियो में दिखाई दे रहे वाहनों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
SSP के निर्देश पर ASP/CO हल्द्वानी अमित सैनी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान के नेतृत्व में चौकी प्रभारी काठगोदाम दिलीप कुमार और पुलिस टीम ने वायरल वीडियो की जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और वाहनों की पहचान करते हुए कुल 15 युवकों को चिन्हित किया। इनमें 8 बालिग और 7 नाबालिग शामिल पाए गए। सभी को पुलिस थाने लाकर पूछताछ एवं आवश्यक कार्रवाई की गई।
8 बालिग युवकों पर पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार चिन्हित 8 बालिग युवकों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया गया। साथ ही वायरल वीडियो में प्रयुक्त वाहनों को भी पुलिस ने सीज कर दिया।
कार्रवाई की जद में आए युवकों में दीप गोगोई, पारस सिंह, करन कुमार, हरि किशोर, कृष्णा सिंह, नितिन, मुकेश शर्मा और कमलेश सम्मल शामिल हैं।

7 नाबालिगों की काउंसलिंग, परिजनों पर भी कार्रवाई
मामले में शामिल 7 नाबालिगों को लेकर पुलिस ने उनके परिजनों को थाने बुलाया। पुलिस द्वारा नाबालिगों की काउंसलिंग की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस ने नाबालिगों के परिजनों के विरुद्ध भी पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया है। पुलिस ने सभी युवकों और उनके परिजनों को सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है।
डंडे लहराकर दहशत फैलाने वालों को स्पष्ट संदेश
जन्माष्टमी जैसे पर्व के दौरान सड़क पर वाहनों के काफिले के साथ डंडे लहराने और इस तरह का प्रदर्शन करने से आम लोगों में भय का माहौल पैदा होने की स्थिति को पुलिस ने गंभीरता से लिया। वायरल वीडियो सामने आते ही पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री के आधार पर युवकों और वाहनों की पहचान कर कार्रवाई की।
SSP नैनीताल ने कहा—अराजकता किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं
SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में गुंडागर्दी, अराजकता या सार्वजनिक स्थानों पर भय का माहौल पैदा करने वाली गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य पर पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
नैनीताल पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो को भी पुलिस गंभीरता से ले रही है और सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।




