नैनीताल गरबा और डांडिया नाइट में खूब इंजॉय किया लोगों ने दूर दराज से आए लोगों ने डांडिया नृत्य किया प्रतिभाग
फ्लैट्स मैदान के बास्केटबॉल कोर्ट में गरबा और डांडिया की मची धूम, राजस्थानी-गुजराती परिधानों में सजे नजर आए प्रतिभागी
रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में डांडिया और गरबा की धूम देखने को मिली। फ्लैट्स मैदान स्थित बास्केटबॉल कोर्ट में आयोजित डांडिया डांस कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। पारंपरिक संगीत की धुनों पर थिरकते लोगों के उत्साह ने पूरे माहौल को रंगीन बना दिया। कार्यक्रम में देखते ही देखते 1000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। इनमें अधिकांश प्रतिभागी नैनीताल जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे थे। कार्यक्रम में हल्द्वानी समेत आसपास के क्षेत्रों से भी लोग डांडिया खेलने पहुंचे।
शाम सात बजे शुरू हुए इस आयोजन में हर आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों के लिए प्रवेश शुल्क 50 रुपये निर्धारित किया गया था। बच्चे और बड़े राजस्थानी एवं गुजराती पारंपरिक परिधानों में सजकर कार्यक्रम में पहुंचे। वहीं, कुछ प्रतिभागी कुमाऊंनी पारंपरिक वेशभूषा में भी नजर आए। रंग-बिरंगे परिधानों और हाथों में डांडिया स्टिक लिए प्रतिभागियों ने संगीत की धुन पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। गरबा और डांडिया के दौरान बच्चों से लेकर युवाओं और महिलाओं तक में खासा उत्साह देखने को मिला।
विधायक सरिता आर्या और मोहन पाल ने भी लिया डांडिया का आनंद
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या और मुख्य अतिथि मोहन पाल ने भी डांडिया नृत्य का आनंद लिया। आयोजन में राजेंद्र नेगी, प्रकाश आर्या, व्यापारी नेता कमलेश धौंढियाल, तुषि साह, रानी साह, बबली सहित अनेक लोग मौजूद रहे। दर्शक दीर्घा में लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। बास्केटबॉल कोर्ट में प्रतिभागियों की मौजूदगी के साथ ही फ्लैट्स मैदान में भी बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम का इंतजार करते नजर आए।
हल्द्वानी से पहली बार डांडिया खेलने पहुंचीं प्रियंका
कार्यक्रम में हल्द्वानी से पहुंचीं प्रियंका ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह पहली बार नैनीताल में डांडिया नाइट में प्रतिभाग करने आई हैं। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में भी गरबा के कार्यक्रम आयोजित होते हैं, लेकिन नैनीताल में इस तरह का आयोजन उनके लिए नया और बेहद खास अनुभव रहा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें काफी अच्छा लगा और उन्होंने खूब आनंद लिया। प्रियंका के अनुसार, वह सुबह से ही इस आयोजन में भाग लेने के लिए उत्साहित थीं और यहां की व्यवस्थाओं ने उनका अनुभव और भी बेहतर बना दिया।
सीनियर और जूनियर वर्ग में रखे गए पुरस्कार
कार्यक्रम की सह-संयोजक सीमा सेठ ने बताया कि प्रतिभागियों के उत्साह को देखते हुए सीनियर और जूनियर वर्ग में अलग-अलग प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा बच्चों और बड़ों के लिए बेस्ट डांसर, बेस्ट मेकअप, बेस्ट अटायर, बेस्ट हेयरस्टाइल और बेस्ट कपल जैसी श्रेणियों में भी पुरस्कार रखे गए हैं। प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए 15 सांत्वना पुरस्कारों की भी व्यवस्था की गई है।
सीमा सेठ ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन से पहले आवश्यक अनुमति लेने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की मांग भी की गई थी। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम दिखाई दिए, जिससे प्रतिभागी और उनके परिजन बेफिक्र होकर कार्यक्रम का आनंद ले सके।
पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था रही मुस्तैद
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए बास्केटबॉल कोर्ट के चारों ओर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ पर नजर बनाए हुए थे, ताकि किसी भी प्रतिभागी को नृत्य करने या कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान असुविधा न हो। सुरक्षा व्यवस्था में हेड कांस्टेबल मनोज जोशी की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। पुलिस की सतर्कता के बीच कार्यक्रम देर शाम नौ बजे तक चला।
लेक सिटी ग्रुप ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
कार्यक्रम के सफल आयोजन में लेक सिटी ग्रुप की अध्यक्ष कविता त्रिपाठी, सचिव प्रगति जैन और संयोजक रमा भट्ट सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन स्थल पर पहुंचने वाले अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी कीर्ति ने किया।
डांडिया नाइट में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर नैनीताल में सांस्कृतिक आयोजनों के प्रति लोगों के उत्साह को दर्शाया। पारंपरिक वेशभूषा, संगीत, नृत्य और आपसी मेलजोल के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बड़ों तक ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। आयोजन ने लोगों को एक साथ आकर सांस्कृतिक परंपराओं का आनंद लेने का अवसर प्रदान किया।

