ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। निकटवर्ती मोतीनगर क्षेत्र में बना बेतरतीब और खतरनाक कट एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे मोतीनगर कट पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लालकुआं निवासी एक 28 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गलत दिशा से आ रहे एक छोटे हाथी वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान रहीम खान पुत्र याकूब अली, निवासी सुभाष नगर, वार्ड नंबर 5, लालकुआं के रूप में हुई है। रहीम खान पेशे से मोटर मिस्त्री था। युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष बच्चे की डिलीवरी के दौरान उसकी पत्नी का भी आकस्मिक निधन हो गया था। अब रहीम की मौत के बाद उसका नन्हा बेटा पिता और मां दोनों के साये से वंचित हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रहीम खान अपनी मोटरसाइकिल संख्या यूके04 एटी-6967 से लालकुआं से हल्द्वानी की ओर जा रहा था। इसी दौरान मोतीनगर कट के पास गलत दिशा से आ रहे एक छोटे हाथी वाहन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ पुलिस चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली।

चौकी प्रभारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने बताया कि गलत दिशा से आ रहे एक छोटे हाथी वाहन की मोटरसाइकिल से टक्कर हुई, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल चौकी मंडी क्षेत्र से संबंधित होने के कारण चौकी मंडी पुलिस को भी सूचना दी गई। मौके पर पुलिस द्वारा ई-साक्ष्य संबंधी कार्रवाई की गई।

हादसे में क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को पुलिस ने चौकी हल्दूचौड़, कोतवाली लालकुआं में खड़ा कर दिया है। मृतक रहीम खान के शव को 1033 एंबुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी भेजा गया।

रहीम खान की मौत की खबर जैसे ही सुभाष नगर और लालकुआं क्षेत्र में पहुंची, वहां शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक वर्ष के भीतर मां और अब पिता को खो चुके मासूम बच्चे की स्थिति ने हर किसी को भावुक कर दिया है।

मोतीनगर कट पर बार-बार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बेतरतीब कट और गलत दिशा से वाहनों की आवाजाही लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। लोगों ने इस स्थान पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।

यह भी पढ़ें :  लगातार बारिश से काठगोदाम-हैड़ाखान-खनश्यू मार्ग पर बड़ा भूस्खलन: 200 गांवों का प्रमुख संपर्क मार्ग बंद, मलबा हटाने में जुटी मशीनें

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.