लालकुआं। बेरीपड़ाव गोला गेट क्षेत्र में गोला नदी से शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर हल्दूचौड़ चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को हल्द्वानी स्थित शवगृह में सुरक्षित रखवाते हुए आमजन से पहचान में सहयोग की अपील की है।

पुलिस के अनुसार 11 सितंबर 2026 को अपराह्न करीब तीन बजे खड़कपुर के ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी कि बैरीपड़ाव गोला गेट स्थित गोला नदी में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद लोगों से पूछताछ की तथा शव की पहचान कराने का प्रयास किया। हालांकि काफी प्रयासों के बावजूद कोई भी व्यक्ति मृतक को पहचान नहीं सका। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

करीब 30 वर्ष है मृतक की उम्र

पुलिस द्वारा जारी हुलिए के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष है और उसकी लंबाई लगभग 5 फीट 8 इंच बताई गई है। युवक का रंग सांवला है, बाल काले हैं और चेहरे का आकार गोल है। उसका शरीर इकहरा लेकिन मजबूत बताया गया है तथा चेहरे पर हल्की दाढ़ी है।

मृतक ने बैंगनी रंग की हाफ बाजू और गोल गले की टी-शर्ट पहन रखी थी, जबकि उसके शरीर पर काले रंग का अंडरवियर मिला है। पुलिस ने इन्हीं पहचान चिह्नों के आधार पर युवक की शिनाख्त कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

108 से भेजा गया एसटीएच, शवगृह में सुरक्षित रखा शव

पुलिस ने शव को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा। मृतक की पहचान नहीं हो पाने के कारण शव को राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है।

पुलिस अब आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों और लापता व्यक्तियों के विवरण का भी मिलान कर सकती है, ताकि मृतक की जल्द से जल्द पहचान हो सके।

पुलिस ने आमजन से की सहयोग की अपील

लालकुआं पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को बताए गए हुलिए के आधार पर मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो, या इस हुलिए का कोई युवक उनके क्षेत्र से लापता हो, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।

संपर्क नंबर—

चौकी प्रभारी, हल्दूचौड़: 9012358172

प्रभारी निरीक्षक, थाना लालकुआं: 9027052243

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मृतक की पहचान से संबंधित किसी भी जानकारी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि युवक की शिनाख्त कर उसके परिजनों को सूचना दी जा सके।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नवनियुक्त मुख्य शिक्षा अधिकारी सुरेश चंद्र आर्य का शिक्षकों ने किया स्वागत, समस्याओं के समाधान का मिला भरोसा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.