ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी में घर के अंदर 29 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी, गले पर चोट के निशान से हत्या की आशंका
बनभूलपुरा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, घर में मौजूद लोगों से पूछताछ जारी; मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्पष्ट

हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में बुधवार सुबह घर के अंदर एक 29 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान अमन ठाकुर (28-29 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था और कुछ समय से जवाहर नगर क्षेत्र में एक महिला के घर पर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे युवक की मृत्यु की सूचना मिली। सूचना पर बनभूलपुरा पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक के गले पर तार से चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। इस वजह से पुलिस मौत की परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, युवक की मौत वास्तव में किस कारण हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
घटना के बाद पुलिस द्वारा घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस महिला के दामाद सहित घर में मौजूद अन्य लोगों से भी घटना को लेकर जानकारी जुटा रही है। पुलिस अवैध संबंधों के शक समेत अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखकर आगे बढ़ रही है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे एक युवक की मृत्यु की सूचना पुलिस को मिली थी। मृतक की उम्र लगभग 28-29 वर्ष बताई गई है। उन्होंने कहा कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने के कारण घर में मौजूद परिवार के लोगों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
एसपी सिटी के मुताबिक पुलिस घटना के सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही पूछताछ शुरू कर दी है। युवक की मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस की जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने से पहले मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। अब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि अमन ठाकुर की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या यह हत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हाईवे पर उतरा हाथियों का झुंड, विशालकाय हाथी से भिड़ी बोलेरो; कार छोड़कर भागा चालक

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.