ब्रेकिंग न्यूज़

चकलुवा में प्रदेशभर से पहुंचीं 120 बालिका खिलाड़ी, डे-नाइट मुकाबलों में दिखा दमखम; राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए होगा उत्तराखंड टीम का चयन

रिपोर्टर— नीरज तिवारी

कालाढूंगी (नैनीताल)। नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र के चकलुवा में खेल प्रतिभाओं का महाकुंभ शुरू हो गया है। यहां 24वीं राज्य स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ। प्रतियोगिता के आगाज के साथ ही खेल मैदान कबड्डी-कबड्डी की गूंज और दर्शकों की तालियों से गूंज उठा।

दो दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से बालिका कबड्डी खिलाड़ी पहुंची हैं। प्रतियोगिता में करीब 120 बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। खिलाड़ी अपनी टीमों के लिए बेहतर प्रदर्शन करने के साथ ही अपनी व्यक्तिगत खेल प्रतिभा, फुर्ती, ताकत और रणनीति का प्रदर्शन कर रही हैं।

डे-नाइट मुकाबले बने आकर्षण का केंद्र

चकलुवा में आयोजित इस प्रतियोगिता की खास विशेषता यह है कि मुकाबले दिन के साथ-साथ रात में भी फ्लड लाइट्स की रोशनी में खेले जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के डे-नाइट खेल आयोजन से खिलाड़ियों के साथ-साथ स्थानीय खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

मैदान में खिलाड़ी विपक्षी टीम के खिलाड़ियों को चकमा देने के लिए रेड और डिफेंस में अपनी रणनीति आजमा रही हैं। हर सफल रेड और शानदार टैकल पर दर्शकों की तालियां खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा रही हैं।

राष्ट्रीय टीम के चयन के लिए भी अहम मंच

यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए केवल राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मंच है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के खेल कौशल, फिटनेस, प्रदर्शन और अनुशासन को परखा जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों के आधार पर आगामी राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड की जूनियर बालिका कबड्डी टीम का चयन किया जाएगा।

विजेता टीमों और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलेगा सम्मान

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को भविष्य में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी माहौल को खास बना दिया। स्थानीय स्तर पर आयोजित इस खेल आयोजन को ग्रामीण क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

दो दिनों तक चलने वाले मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी और खेल प्रेमियों को रोमांचक कबड्डी मुकाबलों का आनंद मिलेगा।

खेलकूद आयोजन में कुंदन बसेरा, मनमोहन बसेरा, खष्टि बल्लभ जोशी, मनीषा जंतवाल, मोहन पाठक, नितिन, मन्नू, आदि लोग शामिल थे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : लूट के मुकदमे में दो साल से फरार चल रहा वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.